केरल में बोड़ाम के कलाकारों ने बिखेरा छऊ नृत्य का रंग
Patamda: झारखंड की प्रसिद्ध लोकनृत्य परंपरा छऊ नृत्य ने केरल में भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साउथ जोन कल्चरल सेंटर के तत्वावधान में केरल के विभिन्न जिलों में पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देश के कई राज्यों के कलाकारों ने हिस्सा लिया। इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड के शुक्ला गांव स्थित विनायक छऊ एंड नाट्य डांस सोसाइटी के कलाकारों को पांच दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया। सोसाइटी के कलाकारों ने केरल के विभिन्न स्थानों पर आयोजित बसंतोत्सव में पारंपरिक छऊ नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी।
छऊ गुरु विश्वदेव महतो के नेतृत्व में कलाकारों ने अपनी आकर्षक नृत्य प्रस्तुति से केरल के दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। प्रस्तुति के दौरान कलाकारों ने झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और छऊ नृत्य की विशिष्ट शैली को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। दल में छऊ गुरु विश्वदेव महतो के साथ रुद्रजीत महतो, दिग्विजय सिंह, आकाश महतो, सचिन महतो, मिहिर सहिस, बिमल सहिस, बादल सहित अन्य कलाकार शामिल रहे। केरल में झारखंड के कलाकारों की इस प्रस्तुति से न केवल दर्शक भाव-विभोर हुए, बल्कि झारखंड की लोककला और संस्कृति को देश के दूसरे राज्यों में पहचान दिलाने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कलाकारों ने कहा कि ऐसे मंच मिलने से लोक कलाकारों का उत्साह बढ़ता है और पारंपरिक कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है।








