बेलटांड़ बाजार में बिजली संकट से आक्रोश, सड़क जाम करेंगे दुकानदार
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र के बेलटांड़ बाजार में पिछले करीब पांच दिनों से जारी बिजली संकट को लेकर स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए एक नया ट्रांसफॉर्मर लगाया गया, लेकिन चालू होते ही ट्रांसफॉर्मर ब्लास्ट कर गया। इससे दुकानदारों की बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीदों पर पानी फिर गया। ट्रांसफॉर्मर के खराब होने के बाद गुरुवार देर शाम बड़ी संख्या में दुकानदार गोलबंद हुए और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। दुकानदारों ने निर्णय लिया कि यदि शुक्रवार सुबह तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो सुबह सात बजे से बेलटांड़ चौक पर सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
दुकानदारों का कहना है कि पिछले पांच दिनों से बिजली नहीं रहने के कारण बाजार का कारोबार बुरी तरह प्रभावित है। बिजली संकट के कारण दुकानों में कामकाज ठप होने के साथ-साथ व्यापारियों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने से अब दुकानदारों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है।








