ठनठनी घाटी में बाइकों के बीच आमने-सामने की टक्कर, दो गंभीर
Patamda : टाटा–पटमदा मुख्य सड़क पर ठनठनी घाटी में गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में पटमदा थाना क्षेत्र के पवनपुर गांव निवासी नरहरि हेंब्रम के सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी अर्जुन महतो के पैर में गंभीर चोट है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नरहरि हेंब्रम जमशेदपुर से बाइक पर अपने घर पवनपुर लौट रहे थे। वहीं, अर्जुन महतो पुरुलिया से जमशेदपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ठनठनी घाटी में दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद स्थानीय समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने तत्काल पटमदा थाना प्रभारी को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांचा पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू तथा सीओ सह बीडीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास भी सीएचसी अस्पताल पहुंचे। दोनों ने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने कहा कि ठनठनी घाटी दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र है। यहां वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाने का प्रयास किया जाएगा।
सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने लोगों से शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सावधानी और नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।








