53 किलो वर्ग में भूपेश कुमार महतो बने चैंपियन, बीस्ट क्लासिक पावरलिफ्टिंग में जीता गोल्ड
Patamda : रांची में आयोजित बीस्ट क्लासिक एस-4 पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में बोड़ाम प्रखंड के गुगलुबनी गांव निवासी दिव्यांग खिलाड़ी भूपेश कुमार महतो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 53 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
19 से 21 जून 2026 तक आयोजित इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के पहले दिन शुक्रवार को झारखंड के विभिन्न जिलों से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। नीलकमल महतो के पुत्र भूपेश कुमार महतो ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के बल पर 53 किलोग्राम वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान उनका शारीरिक वजन 51.8 किलोग्राम दर्ज किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आयोजकों की ओर से उन्हें गोल्ड मेडल के साथ “सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन” प्रदान कर सम्मानित किया गया। शारीरिक रूप से दिव्यांग होने के बावजूद भूपेश ने जिस जज्बे और आत्मविश्वास के साथ यह उपलब्धि हासिल की है, वह युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।
भूपेश कुमार महतो की यह लगातार तीसरी बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले उन्होंने 5 अप्रैल को जमशेदपुर के मानगो स्थित राजस्थान भवन में आयोजित स्टील सिटी क्लासिक चैंपियनशिप में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके अलावा होटल मिस्टी इन में आयोजित ईस्ट सिंहभूम डिस्ट्रिक्ट पावरलिफ्टिंग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। महज एक वर्ष के भीतर तीन गोल्ड मेडल जीतने वाले भूपेश की इस उपलब्धि पर परिवार, मित्रों और क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है। लोगों को उम्मीद है कि वह भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र, जिला और राज्य का नाम रोशन करेंगे।



