बिड़रा में बाइक व स्कूटी में भिड़ंत, बाइक सवार दंपती घायल
Patamda: सोमवार को शाम 6:30 बजे पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिड़रा गांव में तेज रफ्तार एक बाइक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। मुख्य सड़क पर हुई घटना में बाइक सवार दंपती गिरकर घायल हो गए। जबकि मौके से अज्ञात स्कूटी सवार फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों में बिड़रा निवासी धनंजय माहली और उनकी पत्नी सुनीता माहली शामिल हैं। इसमें धनंजय माहली के सिर पर हल्की चोट आई है, जबकि उनकी पत्नी सुनीता माहली के कमर में अंदरूनी चोट बताई जा रही है, जिससे उनकी स्थिति को लेकर परिजन चिंतित हैं।
सूचना मिलते ही उप मुखिया गोपाल गोराई तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद एक्स-रे मशीन का ऑपरेटर नहीं होने के कारण दोनों को बेहतर जांच के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दंपती किसी शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक स्कूटी सवार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि फरार स्कूटी सवार की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।






























