ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल बृजमोहन राम का विमल बैठा ने किया स्वागत
Jamshedpur: झारखंड के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पलामू से तीन बार सांसद रह चुके बृजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा छह राज्यों के राज्यपालों में किए गए फेरबदल के तहत बृजमोहन राम को ओडिशा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
इस अवसर पर जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता विमल बैठा ने बुधवार को रांची स्थित उनके आवास पर मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और स्वागत किया। विमल बैठा ने कहा कि किसान परिवार से निकलकर छात्र राजनीति के माध्यम से सार्वजनिक जीवन में कदम रखने वाले बृजमोहन राम ने विधायक और तीन बार सांसद के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा तय की है। वर्ष 1991 से 1995 तक विधायक रहने के बाद उन्होंने 1996, 1998 और 1999 में पलामू से लोकसभा चुनाव जीता। दलित समाज से आने वाले ऐसे नेता को राज्यपाल की जिम्मेदारी मिलना पूरे बिहार-झारखंड के लिए गर्व का विषय है।





