पटमदा के कुमीर में नाइट ब्लड सर्वे शिविर का शुभारंभ, 150 लोगों की हुई जांच
Patamda: फाइलेरिया (हाथीपांव) उन्मूलन अभियान के तहत मंगलवार, 13 अक्टूबर को पटमदा की कुमीर पंचायत में नाइट ब्लड सर्वे (रात्रि रक्त संग्रह) एवं फाइलेरिया जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन पिरामल फाउंडेशन की प्रोग्राम ऑफिसर रूपाली कुमारी की उपस्थिति में ग्राम प्रधान मृत्युंजय महतो, समाजसेवी विश्वनाथ महतो, उपमुखिया गोपाल गोराई एवं बीटीटी भास्कर ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुल 150 लोगों के रक्त के नमूने संग्रह कर जांच की।
कुमीर पंचायत को फाइलेरिया संक्रमण की जांच के लिए सेंटिनल साइट (चिह्नित जांच स्थल) के रूप में चयनित किया गया है। यहां 14 और 15 अक्टूबर को भी रात्रि रक्त संग्रह अभियान जारी रहेगा। इसके बाद चयनित रैंडम साइटों पर भी जांच शिविर लगाए जाएंगे।अभियान का उद्देश्य फाइलेरिया संक्रमण की पहचान करना, लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक करना और इसके उन्मूलन के प्रयासों को गति देना है। पिरामल फाउंडेशन स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से अभियान को सफल बनाने में जुटा है। मौके पर उत्तम, काजल, सचिन, जनमंजय, रविंदर और पंकज उपस्थित थे।





