शानदार प्रदर्शन की बदौलत सेमीफाइनल में बोड़ाम को इंट्री, क्वार्टर फाइनल में भिलाईपहाड़ी को 6 विकेट से हराया
Jamshedpur: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित 18वीं विजय बोस मेमोरियल पूर्वी सिंहभूम ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत क्वार्टर फाइनल का एक मैच मंगलवार को बहरागोड़ा के वीणापानी स्टेडियम में खेला गया। भिलाईपहाड़ी और बोड़ाम के बीच खेले गए मैच में टॉस जीतकर बोड़ाम ने बल्लेबाजी के लिए भिलाईपहाड़ी को आमंत्रित किया। निर्धारित 25 ओवर में 117 रन बनाकर भिलाईपहाड़ी की टीम ऑल आउट हो गई। टीम के युवराज और संजय ने 21-21 रन बनाए। इसमें बोड़ाम के गेंदबाज पार्थ ने तीन और विष्णु ने दो विकेट लिए।
118 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बोड़ाम टीम ने बल्लेबाज कांचन के नाबाद 32 और पार्थ के 30 रन की मदद से 4 विकेट खोकर 21वें ओवर में ही 118 रन बनाकर मैच जीत लिया और इसी के साथ ही सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसमें भिलाईपहाड़ी के गेंदबाज प्रियांशु ने दो विकेट लिए। बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी दोनों में शानदार प्रदर्शन करने के लिए बोड़ाम टीम के ऑलराउंडर पार्थ गोप को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच में अंपायर अफाक आलम और अशोक कुमार कर व स्कोरर मनोज पाठक थे। 17 दिसंबर को बहरागोड़ा के वीणापानी स्टेडियम में जादूगोड़ा बनाम बहरागोड़ा (ए) के बीच क्वॉर्टर फाइनल मैच खेला जाएगा।






























