एसएस प्लस टू हाई स्कूल में आयोजित पीटीएम में विधायक प्रतिनिधि ने कहा: बालिकाओं के लिए जल्द बनेगा शौचालय

Patamda : राज्य संपोषित (एसएस) प्लस टू उच्च विद्यालय, पटमदा में मंगलवार को शिक्षक–अभिभावक संगोष्ठी (पीटीएम) का आयोजन किया गया। मौके पर विद्यालय के बैंड क्लब द्वारा बैंड बाजा प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात बाल संसद के विद्यार्थियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, तिलक एवं स्वागत गीत के माध्यम से अभिनंदन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया।
बतौर मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि ने विद्यालय में बालिकाओं के उपयोग हेतु शौचालय निर्माण शीघ्र प्रारंभ कराने की घोषणा की। उन्होंने अभिभावकों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने हेतु आगे आने की अपील की। अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन एवं अभिभावकों से प्रत्येक माह विद्यालय आने का आग्रह किया। इससे पूर्व प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने स्वागत भाषण देते हुए शिक्षक–अभिभावक संगोष्ठी की शैक्षिक उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
शिक्षक कौशलेंद्र कुमार सिंह एवं श्रीमंत प्रमाणिक ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक, सह-पाठ्यक्रम, हाउस प्रणाली, प्रयोगशाला एवं वोकेशनल ट्रेड से संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी। रेल टेस्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों के हाथों प्रमाण पत्र एवं लेखन सामग्री देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले हाउस को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के पश्चात अतिथियों ने विद्यालय के हाउस बोर्ड, प्रयोगशालाओं एवं वोकेशनल कक्षों का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम का संचालन अनीता मुर्मू एवं अल्पा रोशनी बाखला ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉली डे एवं भारती कुमारी ने संयुक्त रूप से प्रस्तुत किया।






























