बोड़ाम के नामशोल निवासी समाजसेवी माखन लाल सिंह का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
Patamda: बोड़ाम प्रखंड के गौरडीह पंचायत अंतर्गत नामशोल निवासी समाजसेवी माखन लाल सिंह (52 वर्ष) का रविवार सुबह एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार, वे पिछले करीब एक सप्ताह से कमर दर्द से परेशान थे और पश्चिम बंगाल के बराबाजार में उनका इलाज चल रहा था। शनिवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार सुबह चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
माखन लाल सिंह सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते थे और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। उनके असामयिक निधन से क्षेत्र के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। बताते हैं कि वे अपने पीछे पत्नी के अलावा एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी स्वास्थ्य विभाग में सहिया साथी के रूप में कार्यरत हैं। सबसे दुखद पहलू यह है कि करीब एक माह पूर्व ही उनके पिता का निधन हुआ था। अब माखन लाल सिंह के निधन से परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके निधन पर ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की है। बोड़ाम मंडल भाजपा अध्यक्ष सनातन दास ने बताया कि माखन बाबू भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता और मंडल के मंत्री रह चुके हैं। उनके असामयिक निधन से पार्टी परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है।





