सड़क दुर्घटना में घायल लंबोदर हांसदा के इलाज हेतु मुआवजे की मांग, बोड़ाम थाना के समक्ष चार घंटे धरना
Patamda : बोड़ाम थाना क्षेत्र के कुटिमाकली गांव में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल लंबोदर हांसदा के इलाज के लिए मुआवजा या समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर शनिवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने बोड़ाम थाना परिसर के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया।
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के पूर्व प्रत्याशी विनोद स्वांसी के नेतृत्व में आयोजित धरना दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुआ, जो लगभग चार घंटे तक चला। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने तथा बेहतर इलाज सुनिश्चित करने की मांग की। थाना प्रभारी की अनुपस्थिति में ग्रामीण प्रतिनिधियों ने अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ वार्ता की। वार्ता के बाद निर्णय लिया गया कि रविवार को पीड़ित परिवार को बुलाकर संबंधित पक्षों के साथ त्रिपक्षीय बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि मामले का समाधान निकाला जा सके। कुटिमाकली निवासी उमेश महतो ने बताया कि 23 मई को हुई सड़क दुर्घटना में लंबोदर हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गए थे और वर्तमान में टीएमएच में इलाजरत हैं। उन्होंने बताया कि इलाज पर लाखों रुपये का खर्च आ चुका है और अस्पताल का भारी बिल बकाया है, जिससे परिजन आर्थिक संकट और बेहतर इलाज की चिंता से जूझ रहे हैं।
धरना कार्यक्रम में मुखिया प्रतिनिधि हरिपद किस्कू, वार्ड सदस्य विनोद सिंह, उज्ज्वल कुमार महतो, सोम मार्डी, टोटा मार्डी, भोला मार्डी, बासु हांसदा, पियारी मार्डी, कोकिला सिंह एवं पानमोनी हांसदा सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


