सड़क निर्माण, विद्यालय एवं पुस्तकालय के विकास को लेकर सांसद को ज्ञापन
Patamda : पटमदा प्रखंड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को लेकर स्थानीय ग्रामीणों एवं जन अधिकार मंच से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता नरेश महतो ने सांसद को चार अलग-अलग मांग-पत्र सौंपे। इनमें बूड़ीगोड़ा-बटालुका सड़क के निर्माण, कुंदरुकोचा क्षेत्र में विकास कार्य, बिड़रा पुस्तकालय के सुदृढ़ीकरण तथा बाटालुका विद्यालय में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। ग्रामीणों ने बताया कि बूड़ीगोड़ा-बाटालुका मार्ग लंबे समय से जर्जर है। बरसात के दिनों में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है, जिससे विद्यार्थियों, किसानों एवं मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत सड़क निर्माण कराने की मांग की।
मांग-पत्र में बिड़रा पुस्तकालय के विकास एवं आधुनिकीकरण की भी मांग की गई है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं को बेहतर अध्ययन की सुविधा मिल सके। वहीं बाटालुका विद्यालय में भवन, पेयजल, शौचालय तथा अन्य शैक्षणिक संसाधनों की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई गई। सांसद से आग्रह किया गया कि जनहित से जुड़े इन सभी मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि मांगों पर सकारात्मक पहल होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।



