आईडीटीआर में निशुल्क कौशल प्रशिक्षण 16 अगस्त से, पटमदा में लगा जागरूकता शिविर
Patamda : औद्योगिक प्रशिक्षण एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईडीटीआर, जमशेदपुर में 16 अगस्त से निःशुल्क शॉर्ट टर्म स्किल डेवलपमेंट आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इस कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार एवं युवाओं को जागरूक करने के लिए शनिवार को पटमदा प्रखंड परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में कार्यक्रम समन्वयक पंकज कुमार ने बताया कि टेक्नोलॉजी रिसोर्स कम्युनिकेशन एंड सर्विस सेंटर तथा गार्डेन रीच शिप बिल्डर्स एंड इंजीनियर्स के बीच हुए एमओयू के तहत समाज के युवाओं को निशुल्क आवासीय कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ने की पहल की गई है। इस योजना में आईडीटीआर, जमशेदपुर प्रशिक्षण साझेदार की भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत वेल्डर, शीट मेटल एवं इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में दो-दो माह तथा प्लंबर ट्रेड में 45 दिनों का निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण आईडीटीआर, जमशेदपुर परिसर में कराया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद प्रशिक्षुओं को एलएंडटी के माध्यम से जीआरएसई में रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। इस कार्यक्रम में 10वीं उत्तीर्ण सभी वर्गों के 20 से 28 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं। पंकज कुमार ने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी देकर उन्हें इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे कौशल हासिल कर रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। इसी उद् शिविर में आईडीटीआर के राजेश कुमार शर्मा तथा टीआरसीएससी के स्वपन कुमार महतो उपस्थित रहे। शिविर में जिला परिषद सदस्य खगेन महतो सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं ने भाग लिया और प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।


