हाथीकूदा प्रीमियर लीग 2026 का भव्य समापन, आरसीबी बनी चैंपियन
Patamda: बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत आंधारझोर गांव स्थित हाथीकूदा क्रिकेट मैदान में आयोजित तीन दिवसीय प्रीमियर लीग 2026 का मंगलवार को शानदार समापन हो गया। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित इस रोमांचक प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने भाग लेकर खेल का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबला बुडा इलेवन और आरसीबी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बुडा इलेवन ने 8 ओवर में 4 विकेट खोकर 87 रन बनाए। जवाब में उतरी आरसीबी की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 7 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 6 विकेट से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मौके पर विजेता टीम आरसीबी को 12,000 रुपये एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता बुडा इलेवन को 10,000 रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन को संपन्न कराने में भास्कर रुहिदास, अशोक महतो, लक्ष्मीकांत सिंह सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। स्थानीय स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने युवाओं में खेल के प्रति उत्साह को नई ऊर्जा दी और क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का कार्य किया।


