हेमंत सरकार हर मोर्चे पर विफल, सत्ता में बने रहने का हक नहीं: जटाशंकर पाण्डेय

बोड़ाम में भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
Patamda : भाजपा के बोड़ाम मंडल अध्यक्ष शांतनु मुखर्जी के नेतृत्व में गुरुवार को बोड़ाम प्रखंड मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। मौके पर कार्यक्रम के प्रभारी वरिष्ठ भाजपा नेता जटाशंकर पाण्डेय ने कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार हर मोर्चे पर विफल है और इसे सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सामाजिक कार्यकर्ता की हत्या हो रही है, महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं, गांवों के किसान लुटे जा रहे हैं। उन्होंने सूर्या हांसदा की संदिग्ध हत्या की सीबीआई जांच कराने एवं रांची के नगड़ी में गरीब आदिवासियों की जमीनों को राज्य सरकार द्वारा हड़पने का आरोप लगाया।
जुगसलाई के पूर्व भाजपा प्रत्याशी मुचीराम बाउरी ने कहा कि जिले में दिनदहाड़े लूट, हत्या एवं डकैती की घटनाएं हो रही हैं और प्रशासन आंख मूंद कर बैठा है। मंडल अध्यक्ष शांतनु मुखर्जी ने कहा कि बोड़ाम प्रखंड व अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय भवन का निर्माण कार्य पूरा करने, मंईयां सम्मान योजना की अनियमितता को दूर करने एवं पीएम एवं अबुआ आवास योजना में अनियमितता को दूर करने की मांग की। कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल के नाम बीडीओ किकू महतो को भाजपा नेताओं ने ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कार्यक्रम प्रभारी जटाशंकर पाण्डेय, मंडल प्रभारी मुचीराम बाउरी, मंडल अध्यक्ष शांतनु मुखर्जी, बिरेन महतो व सनातन दास समेत अन्य कई लोग मौजूद थे।






























