पटमदा के लाल मुकेश की शानदार उपलब्धि, 50 लाख के पैकेज पर चयन
Patamda : सीमित संसाधनों और साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर पटमदा के गोलकाटा गांव निवासी मुकेश कुंभकार ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मुकेश का चयन प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय बैंक एचएसबीसी में बैंक मैनेजर के पद पर हुआ है। उन्हें करीब 50 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर कोलकाता में नियुक्ति मिली है। हालांकि, उन्होंने अभी तक पद पर योगदान नहीं दिया है।
मुकेश ने देश के शीर्ष शिक्षण संस्थानों में शुमार आईआईटी कानपुर से उच्च शिक्षा प्राप्त की है। मास्टर्स की पढ़ाई के दौरान उन्हें जर्मनी के प्रतिष्ठित केआईटी (कार्ल्सरुहे इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) के साथ एक महत्वपूर्ण परियोजना पर काम करने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध और कार्य का अनुभव हासिल किया। विपरीत परिस्थितियों में पले-बढ़े मुकेश की यह सफलता पूरे पटमदा क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनी है। उन्होंने साबित किया है कि सीमित संसाधन सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकते, यदि मेहनत, सही दिशा और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य हासिल करने का प्रयास किया जाए। मुकेश भविष्य में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और बैंकिंग डेटा विश्लेषण के क्षेत्र में काम कर वित्तीय सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और स्मार्ट बनाने की दिशा में नवाचार करना चाहते हैं। उनका मानना है कि निरंतर सीखने और कठिन परिश्रम के जरिए युवा अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
गौरतलब हो कि मुकेश कुंभकार वर्ष 2014 में जैक बोर्ड से आईएससी में कोल्हान प्रमंडल का टॉपर बना था। वह पटमदा के ही आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल बांगुड़दा का मेधावी छात्र रहा है।








