पटमदा में मेधा खोज प्रतियोगिता: ग्रामीण प्रतिभाओं ने दिखाया दम, विशेषज्ञों ने दी करियर की नई दिशा
Patamda: रविवार को पटमदा के ग्रामीण विद्यार्थियों ने ‘मेधा खोज प्रतियोगिता’ में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, वहीं विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से उन्हें करियर की नई दिशा भी मिली। शहीद निर्मल महतो स्मृति एजुकेशनल ट्रस्ट एवं टैलेंट सर्च एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में लोवाडीह स्थित टैलेंट नर्चरिंग पब्लिक स्कूल में इस प्रतियोगिता के साथ विशेष करियर काउंसलिंग सत्र का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के 59 मेधावी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान छात्रों की बौद्धिक क्षमता और प्रतिभा का आकलन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 13 विद्यार्थियों को पदक और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान किए गए, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर आयोजित करियर काउंसलिंग सत्र विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित हुआ। टाटा स्टील के सीनियर मैनेजर एवं आईआईटी दिल्ली से जुड़े विशेषज्ञ उमेश शर्मा ने जेईई, नीट और गेट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रभावी गुर साझा किए। अर्पिता महतो ने मेडिकल और नर्सिंग क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। शिक्षक दीपक कुमार महतो और बृंदावन महतो ने झारखंड पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा 2026 तथा आईटीआई के महत्व को समझाया। अन्य विशेषज्ञों ने यूपीएससी, प्रशासनिक सेवाओं और सीयूईटी परीक्षा की जानकारी देकर छात्रों को उच्च सेवाओं की दिशा में प्रेरित किया।
शिक्षक पंचानन महतो और जोयराम महतो ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हुए परीक्षा के तनाव से निपटने के व्यावहारिक उपाय भी बताए। आयोजकों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक सही जानकारी और मार्गदर्शन पहुंचाना है, ताकि संसाधनों के अभाव में उनकी प्रतिभा पीछे न रह जाए।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, समाजसेवी पूर्ण चंद्र महतो, उपमुखिया राज शेखर महतो, पंसस प्रतिनिधि प्रबोध कुमार महतो, इंटर कॉलेज जाल्ला के प्राचार्य अरुण कुमार, टैलेंट सर्च एकेडमी के अध्यक्ष हाराधन महतो, असित कुमार महतो, विश्वनाथ महतो, उदय गोप, उमेश माण्डी, उत्तम गोप और मुकेश गोराई सहित अन्य लोगों ने भाग लेकर इस पहल की सराहना की। बताया जाता है कि अगले रविवार से लोवाडीह स्थित टैलेंट नर्चरिंग पब्लिक स्कूल में सुबह 9 बजे से विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा 2026 की तैयारी कराई जाएगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।






























