झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने पटमदा में एसआईआर को लेकर की अहम बैठक
Patamda : झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने गुरुवार को अपने संगठनात्मक दौरे के दौरान पटमदा स्थित प्रधान भवन, बेलटाँड़ चौक में प्रखंड समिति एवं कार्यकर्ताओं के साथ एसआईआर को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए विक्टर सोरेन ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देशानुसार एसआईआर प्रक्रिया में किसी भी योग्य व्यक्ति का नाम छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी जिम्मेदारी, सजगता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने का सबसे सशक्त माध्यम है। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में सक्रिय रहकर लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखने की बात कही। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के बाद पटमदा प्रखंड समिति की ओर से बीएलए की सूची जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन को सौंप दी गई। इस अवसर पर संगठन को और अधिक धारदार एवं सक्रिय बनाने को लेकर कई अहम बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। मौके पर विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, पटमदा प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो, बोड़ाम प्रखंड अध्यक्ष दीपंकर महतो, जितुलाल मुर्मू, सिजेन हेंब्रम सहित झामुमो के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

