पटमदा प्रखंड सह अंचल कार्यालय में प्याऊ की व्यवस्था, खराब चापाकल व जलमीनार की होगी मरम्मत
Patamda: लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए पटमदा प्रखंड सह अंचल कार्यालय की ओर से बुधवार को आम लोगों की सुविधा के लिए कार्यालय परिसर में प्याऊ की व्यवस्था शुरू की गई है। इस पहल का उद्देश्य प्रखंड एवं अंचल कार्यालय आने वाले ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना है। कार्यालय परिसर में मिट्टी के घड़ों के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था की गई है, ताकि भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत मिल सके। प्रशासन की इस जनहितकारी पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
पटमदा के बीडीओ सह सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने कहा कि वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए आम जनता की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कार्यालय आने वाले लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्याऊ की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में जहां-जहां चापाकल एवं जलमीनार खराब पड़े हैं, उनकी सूची तैयार कर शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन लगातार क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी पेयजल की अतिरिक्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, धूप में निकलने से बचें तथा हीट वेव से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।

