नवोदय विद्यालय, बहरागोड़ा में प्रबंधन समिति की बैठक, उपायुक्त ने किया निरीक्षण
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन समिति एवं विद्यालय सलाहकार समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने की। बैठक में विद्यालय के बुनियादी ढांचे, शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की सुरक्षा, बजट उपयोग तथा चयन परीक्षा की तैयारियों समेत विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, खेल मैदान, भोजनालय और छात्रावासों का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने शिक्षण व्यवस्था, अनुशासन, छात्रों की शैक्षणिक प्रगति एवं सह-पाठयक्रम गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, बेहतर भविष्य निर्माण और करियर काउंसलिंग की आवश्यकता पर जोर दिया। उपायुक्त ने कहा कि नवोदय विद्यालयों में अधिकांशतः ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान छात्र अध्ययन करते हैं, इसलिए शिक्षा के साथ-साथ उनका मानसिक और शारीरिक विकास भी बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ नियमित खेलकूद, आउटरीच कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों को अनिवार्य बताया।
विद्यालय आगमन पर विद्यार्थियों ने बैंड प्रस्तुति, सामूहिक गान के माध्यम से उपायुक्त का स्वागत किया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा उन्हें शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों को अपने माता-पिता और समाज के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। उपायुक्त ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित भी किया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेल सुविधाओं और स्मार्ट कक्षाओं की सराहना करते हुए आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण एवं सुविधाओं के विस्तार के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
साथ ही शिक्षकों की कमी को दूर करने तथा विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए एमओआईसी बहरागोड़ा को विद्यालय प्रबंधन के साथ समन्वय कर हेल्थ कार्ड अपडेट करने के निर्देश दिए। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी बहरागोड़ा केशव भारती, अंचल अधिकारी राजा राम मुंडा, एमओआईसी बहरागोड़ा, विद्यालय के प्राचार्य, प्रबंधन समिति के सदस्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।






























