मां पहाड़ी सभी भक्तों के घरों में सुख-समृद्धि का संचार करें : महाबीर मुर्मू
Jamshedpur : बर्मामाइंस कैरेज कॉलोनी स्थित श्री श्री मां पहाड़ी पूजा समिति की ओर से शुक्रवार को आयोजित मां पहाड़ी पूजा मंडप का विधिवत उद्घाटन झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता महाबीर मुर्मू ने पुरोहित राजू राव के मंत्रोच्चारण के बीच किया। पूजा-अर्चना एवं वैदिक विधि-विधान के साथ मंडप का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर महाबीर मुर्मू ने कहा कि जमशेदपुर एक ऐसा शहर है, जहां सभी जाति एवं धर्म के लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ रहते हैं। यहां सभी समुदायों के लोग एक-दूसरे के पर्व-त्योहारों और धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं, जो शहर की सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता की पहचान है।
उन्होंने मां पहाड़ी से प्रार्थना करते हुए कहा कि माता की कृपा से सभी भक्तों के घरों में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे तथा समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारा कायम रहे। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिल-जुलकर ऐसा समाज बनाना चाहिए, जहां किसी प्रकार का भेदभाव न हो और हर व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जी सके। पूजा समिति के अध्यक्ष राजू मुखी ने बताया कि पूजा के दौरान प्रतिदिन माता की विशेष आराधना, धार्मिक अनुष्ठान एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के बीच प्रतिदिन भोग का वितरण भी किया जाएगा। वहीं, विसर्जन के दिन आकर्षक झांकी और आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में पूजा समिति के अध्यक्ष राजू मुखी, राहुल पिल्लै, अजय पांडेय, अभिषेक सिंह, नंदू सरदार, प्रतीक सिंह, विक्रम सिंह, असीम दास, मनोज मुखी, भावेश मुखी, दीपक कुमार राव, आशीष शर्मा सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।



