झाड़ी में मिले असहाय नवजात का हाल जानने एमजीएम पहुंचे विधायक सोमेश सोरेन
चिकित्सकों से ली स्वास्थ्य की जानकारी, बेहतर इलाज व समुचित देखभाल का दिया निर्देश
Gurabanda : गुड़ाबांदा के बागजांता गांव में झाड़ी से मिले असहाय नवजात शिशु का हाल जानने सोमवार को घाटशिला के विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन एमजीएम अस्पताल, डिमना पहुंचे। उन्होंने अस्पताल के एनआईसीयू वार्ड में भर्ती नवजात को देखा और चिकित्सकों से उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली। विधायक ने अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सकों को नवजात को बेहतर और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा इलाज में किसी तरह की कमी नहीं होने देने का निर्देश दिया। चिकित्सकों ने बताया कि नवजात की स्थिति फिलहाल संतोषजनक है। उसके शरीर पर हल्की चोट के निशान हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। आवश्यक निगरानी के साथ उसका इलाज जारी है।
गौरतलब है कि सोमवार सुबह गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के बागजांता गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के समीप झाड़ी में नवजात शिशु के मिलने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन ने तत्काल पहल करते हुए नवजात को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। विधायक ने कहा कि नवजात के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर हरसंभव सहयोग किया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन से उसकी नियमित निगरानी और समुचित देखभाल सुनिश्चित करने को भी कहा। मौके पर झामुमो जिला कोषाध्यक्ष कालीपद गोराई, वरिष्ठ नेता रमेश मुर्मू, पूर्व प्रेस प्रवक्ता गुरमीत गिल, सोना राम सोरेन, सुशील मार्डी एवं प्रकाश टुडू समेत अन्य उपस्थित थे।




