पटमदा मॉडल स्कूल के अभिभावकों ने डीईओ कार्यालय पर किया प्रदर्शन, शिक्षकों की मांग पर सौंपा ज्ञापन
Patamda: मॉडल स्कूल पटमदा में शिक्षकों की भारी कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस समस्या को लेकर गुरुवार को दर्जनों अभिभावक जमशेदपुर स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। अभिभावकों ने बताया कि गणित, अंग्रेजी, संस्कृत और हिंदी जैसे महत्वपूर्ण विषयों में शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की नियमित पढ़ाई बाधित हो रही है। गणित के प्रतिनियोजित शिक्षक परशुराम राय मार्च 2026 में सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि अंग्रेजी और संस्कृत विषय के लिए फिलहाल कोई शिक्षक उपलब्ध नहीं है। वहीं हिंदी शिक्षक रंजीत ओझा को भी सप्ताह में केवल चार दिनों के लिए प्रतिनियोजित किया गया है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
अभिभावकों ने मांग की है कि सभी विषयों के लिए शीघ्र पूर्णकालिक शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रूप से चल सके। यह भी बताया गया कि इस संबंध में पूर्व में कई बार आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे अभिभावकों में नाराजगी व्याप्त है। ज्ञापन सौंपने वालों में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दीनानाथ महतो, उपाध्यक्ष बेलारानी महतो, लागर चंद्र महतो, राशेश्वर मुखर्जी, शिवप्रसाद मंडल, शांतिराम महतो, मोनिका महतो, परी प्रमाणिक, तारामणि महतो, कुंती महतो, अंजलि महतो, गीतारानी महतो, गुलापी महतो, रेखा महतो एवं ऋतु महतो सहित कई अभिभावक शामिल थे।






























