डुमरिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, आपसी सौहार्द के साथ मनेगी दुर्गा पूजा
Dumaria: दुर्गापूजा को लेकर मंगलवार को डुमरिया थाना परिसर में प्रखंड प्रमुख गंगामनी हांसदा की अध्यक्षता में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में डुमरिया, भालुकपातड़ा, कुमड़ाशोल एवं बड़ाबोतला सार्वजनिन दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, शांति समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी निलेश कुमार मुर्मू एवं मुसाबनी इंस्पेक्टर वंश नारायण सिंह उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान बीडीओ निलेश कुमार मुर्मू ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पंडालों में पर्याप्त प्रवेश एवं निकासी द्वार बनाए जाएं ताकि भीड़ को नियंत्रित करने में आसानी हो। उन्होंने निर्देश दिया कि पंडाल निर्माण में ऐसी सिंथेटिक सामग्री का इस्तेमाल बिल्कुल न किया जाए जिससे आगजनी की संभावना बढ़े। इसके साथ ही उन्होंने सभी से आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गा पूजा संपन्न कराने की अपील की। चर्चा के दौरान स्थानीय लोगों और समितियों द्वारा कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं। भालुकपातड़ा पूजा समिति के सचिव संजीत महापात्र ने पंडाल परिसर में कीचड़ की समस्या को देखते हुए मिट्टी भराई कराने की मांग उठाई। दिलीप पंडा ने पुलिस प्रशासन से तेज रफ्तार बाइक चलाने वालों तथा अवैध शराब की बिक्री पर कड़ी रोक लगाने की मांग की, वहीं कुमड़ाशोल पूजा समिति के नित्यानंद साव ने पूजा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती का आग्रह किया। नव पदस्थापित थाना प्रभारी अमित कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या परिस्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें और पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में सहयोग करें।
इस अवसर पर एक गरिमामयी समारोह के तहत निवर्तमान थाना प्रभारी पंचम तिग्गा को विदाई दी गई तथा नए थाना प्रभारी अमित कुमार का स्वागत किया गया। दोनों पुलिस अधिकारियों को बुके और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक में उप प्रमुख चैतन मुर्मू, सांसद प्रतिनिधि बसंत मदीना, विधायक प्रतिनिधि मिर्जा सोरेन, बीस सूत्री अध्यक्ष भगत बास्के, मुखिया सुरेश हेंब्रम, मेघराय टुडू, महेंद्र गिरी, जयपाल सिंह मुर्मू, भगत हांसदा, अर्जुन मुर्मू, अधीर चंद्र गिरी, सुरेश साव, गौरी शंकर दास, देवानंद दास, लखन मार्डी समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।




