जामताड़ा में साइबर गिरोह पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 5 ठग गिरफ्तार, बैंक अधिकारी बनकर करते थे ठगी
Ranchi: साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करमाटांड़ और नारायणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। रविवार को साइबर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मटटांड़ गांव स्थित विष्णु मंडल के घर तथा नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियां गांव में किशोर दास के घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने विष्णु मंडल, सचिन मंडल, सागर नायक, किशोर दास एवं विश्वजीत दास को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से 15 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 2 लैपटॉप और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को क्रेडिट और डेबिट कार्ड बंद होने का डर दिखाते थे। इसके बाद वे लोगों से गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर PHONEPE और GOOGLE PAY के माध्यम से साइबर ठगी को अंजाम देते थे। इसके अलावा बिजली विभाग का अधिकारी बनकर बिजली बिल भुगतान के नाम पर भी लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता था।
इस मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 29/26 एवं 30/26 दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

