पटमदा प्रखंड कार्यालय में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
Patamda: भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शुरुआत 15 मई 2026 से प्रस्तावित है। इसके मद्देनज़र पटमदा प्रखंड कार्यालय में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अंचलाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें जनसंख्या, लिंगानुपात, आयु, धर्म, आर्थिक गतिविधियां, आवास, प्रवसन तथा परिसीमन जैसे अहम पहलुओं की महत्ता समझाई गई। अधिकारियों ने बताया कि जनगणना के आंकड़े देश के नीति निर्धारण और योजनाओं के निर्माण का आधार होते हैं। इसी के आधार पर सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं की योजनाएं तैयार करती है।
अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और दिए गए निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करें। साथ ही, तय समय सीमा के भीतर प्रथम चरण की जनगणना को पूरी जिम्मेदारी, तत्परता और तल्लीनता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न करने पर जोर दिया गया।



