पटमदा के अपो गांव में रक्षाबंधन पर पेड़ों को बांधी राखी, संरक्षण का लिया संकल्प

Patamda : रक्षाबंधन के अवसर पर पटमदा प्रखंड की गोबरघुसी पंचायत के अपो गांव में वृक्ष रक्षा बंधन एवं मानव रक्षा बंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से मानव और प्रकृति के बीच संबंध को मजबूत करने के साथ ग्रामीणों को पेड़-पौधों और जंगलों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पुजारी ने पहाड़ की पूजा-अर्चना कर किया। पारंपरिक रीति-रिवाज से पूजा संपन्न होने के बाद ग्रामीणों और अतिथियों ने साल के पेड़ों पर रक्षा सूत्र बांधकर जंगल और प्रकृति की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने अवैध पेड़ कटाई रोकने, जंगलों के संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा, गोबरघुसी पंचायत की मुखिया उषा रानी सिंह, पटमदा डिग्री कॉलेज के प्राचार्य कृष्णपद महतो व इंटर कॉलेज के प्राचार्य अरुण कुमार, समाजसेवी भीष्मनाथ महतो, पंचानन दास, पंचायत के सभी ग्राम प्रधान, वनरक्षा समिति के सदस्य, प्रकृति प्रेमी समेत करीब 300 ग्रामीण शामिल हुए। इस अवसर पर व्यवसायी सुरेश केड़िया ने सबर समुदाय के बच्चों के बीच वस्त्र तथा उनकी माताओं को साड़ियों का वितरण किया। इससे सबर परिवारों में खुशी का माहौल रहा। कार्यक्रम के दौरान गीत और नृत्य के माध्यम से भी प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम प्रधान खगेन्द्र नाथ सिंह सहित ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके आयोजन और संचालन में टेगोर सोसाइटी फॉर रूरल डेवलपमेंट का विशेष सहयोग मिला। संस्था की टीम ने ग्रामीणों के साथ समन्वय कर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता के संदेश को मजबूत किया। ग्रामीणों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते की रक्षा का पर्व नहीं है, बल्कि पेड़-पौधों, जंगलों और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है। कार्यक्रम का समापन ‘पेड़ बचाएंगे, जंगल बचाएंगे और प्रकृति की रक्षा करेंगे’ के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।








