जिनके हाथों में सुरक्षा की जिम्मेदारी, उन्हीं की कलाई पर छात्राओं ने बांधी राखी
Patamda : प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय पटमदा की छात्राओं ने रक्षाबंधन के अवसर पर देश की सुरक्षा में जुटे सुरक्षाकर्मियों, पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों के साथ गुरुवार को रक्षाबंधन का पर्व उत्साह और भावनात्मक माहौल में मनाया। छात्राओं ने अधिकारियों को तिलक लगाकर हाथ से बनी राखियां बांधीं और मिठाई खिलाकर इस पावन पर्व को यादगार बनाया। इस दौरान छात्राओं ने उन सभी लोगों की सुरक्षा और स्वस्थ जीवन के लिए भगवान से प्रार्थना की, जो दिन-रात समाज और देश की रक्षा में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। बच्चियों ने अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर स्वास्थ्य की भी कामना की।
स्कूल की समस्याओं पर भी खुलकर हुई चर्चा
राखी बांधने के बाद छात्राओं ने केवल अपनी सुरक्षा ही नहीं, बल्कि विद्यालय की सुरक्षा और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं पर भी अधिकारियों के साथ खुलकर संवाद किया। छात्राओं ने स्कूल परिसर से संबंधित विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा।
थाना के अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि वे भाई की तरह उनकी सुरक्षा का ख्याल रखेंगे। साथ ही विद्यालय से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका के साथ दिया कुमारी, विष्टि गोराई, झरना महतो, प्रिया दत्ता एवं पायल दत्ता ने अधिकारियों को राखी बांधी। अधिकारियों ने भी छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उपहार प्रदान किए। ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी विद्यालय की छात्राओं की इस अनूठी पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के पर्व को भाई-बहन के रिश्ते से आगे बढ़ाते हुए सुरक्षा, सम्मान, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।








