बोड़ाम में विद्यार्थियों को मिली कानूनी अधिकारों की जानकारी
Patamda: पूर्वी सिंहभूम जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव के निर्देशानुसार बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत राजकीय मध्य विद्यालय, कुईयानी में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बोड़ाम प्रखंड कार्यालय के पीएलवी निताई चन्द्र गोराई ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने विभिन्न कल्याणकारी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा प्राधिकार से आए अतिथियों का परिचय कराया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एलएडीसी योगिता कुमारी ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, पीड़ित मुआवजा योजना बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी, डायन प्रथा, गुड टच-बैड टच तथा हेल्पलाइन नंबर 15100 और 1098 सहित विभिन्न कानूनी विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक मंगल सिंह, शिक्षक सरोज कुमार दास, एलएडीसी योगिता कुमारी, पीएलवी राजेश राव, चैतन नायक एवं निताई चन्द्र गोराई सहित लगभग 70 विद्यार्थी उपस्थित थे।








