पटमदा की बदहाल सड़कें और स्वास्थ्य व्यवस्था बनी परेशानी, उपायुक्त से शीघ्र सुधार की मांग
Patamda : पटमदा प्रखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और जर्जर सड़कों के कारण ग्रामीणों को हो रही परेशानी से निजात दिलाने की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में समाजसेवी विश्वनाथ महतो, उप मुखिया गोपाल गोराई एवं उत्तम कुमार शामिल थे। ज्ञापन में महुलबना पंचायत के धाधकिडीह से पंचायत मुख्यालय, संताल टोला होते हुए केंदडीह की अंतिम सीमा तक करीब चार किलोमीटर पक्की सड़क निर्माण की मांग की गई है।
इसी तरह उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेलडीह से कांकिडीह-महुलतल तक करीब 3.5 किलोमीटर जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कराने का आग्रह किया गया है। यह सड़क कुमीर, ओड़िया और बनकुंचिया पंचायत के हजारों ग्रामीणों के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। काश्मार पंचायत के गोपालपुर मौजा से गोलकाटा होते हुए बालियागोड़ा से गेंगाड़ा तक करीब 2.5 किलोमीटर जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग भी ज्ञापन में की गई है। प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की जरूरत पर भी उपायुक्त का ध्यान आकृष्ट कराया। कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क की बदहाल स्थिति का सीधा असर मरीजों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों पर पड़ता है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी काफी परेशानी होती है। इसलिए सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत किया जाना जरूरी है।
पटमदा की ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक संसाधन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने कहा कि पटमदा के ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं को लेकर लगातार प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया जा रहा है। ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उपायुक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देंगे, ताकि सड़क और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।



