प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय की छात्राओं ने जाना प्रयोगशाला का महत्व
Patamda : ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और उन्हें विज्ञान की व्यावहारिक दुनिया से परिचित कराने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय की छात्राओं का सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सह विज्ञान शिक्षिका डॉ. प्रियंका झा के मार्गदर्शन में छात्राओं ने प्रयोगशाला की कार्यप्रणाली, वैज्ञानिक गतिविधियों और धातु विज्ञान से जुड़ी जानकारी हासिल की। राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला की ओर से आईआईएम चैप्टर के तहत आयोजित मेटालर्जिकल क्विज में शहर के नामी-गिरामी इंग्लिश मीडियम एवं सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। ग्रामीण क्षेत्र से प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय की छात्राओं ने भी इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। क्विज के माध्यम से छात्राओं को धातुओं, विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र की महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना विकसित करना, धातुओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नई पीढ़ी को विज्ञान से जोड़ना था। छात्राओं ने यह भी जाना कि विज्ञान के विभिन्न कोर विषयों को लेकर वे भविष्य में उच्च शिक्षा और करियर के बेहतर अवसर हासिल कर सकती हैं। इस दौरान छात्राओं ने नेशनल टॉपर सांभवी तिवारी से संवाद भी किया। उन्होंने अपनी परीक्षा की तैयारी की रणनीति और अध्ययन के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। इससे छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरणा मिली। प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका झा ने कहा कि प्रयोगशाला आधारित शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। केवल किताबों से पढ़कर विज्ञान को पूरी तरह समझना संभव नहीं है। प्रयोगशाला और शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थी कक्षा में पढ़ी गई जटिल अवधारणाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझते और महसूस करते हैं, जिससे विषय लंबे समय तक याद रहता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के भ्रमण से छात्राओं में आत्मविश्वास, जिज्ञासा, टीमवर्क, समस्या समाधान की क्षमता और वैज्ञानिक सोच विकसित होती है। वैज्ञानिकों से सीधे संवाद करने और वास्तविक प्रयोगशाला वातावरण को देखने से विद्यार्थियों को अपने भविष्य की दिशा तय करने में भी मदद मिलती है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण नियमित रूप से विद्यालयों में आयोजित किए जाने चाहिए। विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष साथी गोप एवं उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार महतो ने भी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं छात्राओं को महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान करने के लिए वैज्ञानिक डॉ. मुदिला धनंजय राव के प्रति आभार व्यक्त किया।








