बोड़ाम में दो दुकानों में चोरी का खुलासा, चार गिरफ्तार, पुलिस हिरासत से एक आरोपी फरार
Patamda : बोड़ाम थाना क्षेत्र में तीन-चार अगस्त की रात हुई दो दुकानों में चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने करीब एक माह के अंदर मामले में झारखंड और पश्चिम बंगाल के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 79 बिछिया, कंगन, बाह वाला, बाला, चेन, पायल व चांदी के सिक्के समेत मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने बोड़ाम में दीपक स्वर्णकार की आभूषण दुकान और बारियादा गांव में देवेन महतो की मोबाइल दुकान को निशाना बनाया था। दोनों दुकानों की एस्बेस्टस की छत तोड़कर अपराधी अंदर दाखिल हुए और आभूषण, मोबाइल फोन व नकदी चोरी कर ली। पहचान छिपाने के लिए बदमाश दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे।
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने आड़षा , बलरामपुर और पुरुलिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र में छापेमारी कर मकबुल अंसारी, असलम अंसारी, रहीम अंसारी और क्यामुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में गिरोह से जुड़ी अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इसी दौरान पूछताछ के लिए थाना लाया गया एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर हिरासत से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिरोह ने इससे पहले कितनी अन्य चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।
इस मामले में ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि एक आरोपी पूछताछ के दौरान पुलिस हिरासत से फरार हुआ है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।



