राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में पटमदा के दो शिक्षक सम्मानित
Patamda: शिक्षक दिवस के अवसर पर जेसीईआरटी, रांची द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए राज्य के 190 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें पटमदा प्रखंड के दो शिक्षक डॉ. समीर कुमार (उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौरा) एवं डॉ. प्रियंका झा (प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, पटमदा) भी शामिल रहे। समारोह में मुख्य अतिथि जेसीईआरटी के निदेशक एवं शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के उप सचिव ने दोनों शिक्षकों को शॉल, स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
डॉ. समीर कुमार जेसीईआरटी, रांची द्वारा प्रकाशित कक्षा 1 से 8 तक की अंग्रेजी की पाठ्यपुस्तकों के लेखक भी हैं। वे पिछले 32 वर्षों से पटमदा में शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक विकास के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। सम्मान मिलने पर डॉ. समीर कुमार ने कहा कि इस तरह का सम्मान शिक्षकों में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा को और गति देता है। यह सम्मान केवल किसी एक शिक्षक का नहीं, बल्कि विभाग की ओर से सभी शिक्षकों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने समाज के बुद्धिजीवी वर्ग से बाल विवाह और नशापान जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने तथा पटमदा के विकास में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
डॉ. प्रियंका झा का बालिकाओं की शिक्षा के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि जब आज बेटियां हर क्षेत्र में सफलता का परचम लहरा रही हैं, तो पटमदा की बेटियां भी किसी से पीछे नहीं रहेंगी। बालिकाओं को बेहतर शिक्षा और अवसर देकर उन्हें आगे बढ़ाना ही उनका प्रमुख उद्देश्य है।



