बोड़ाम में वज्रपात से पोल्ट्री फॉर्म संचालक की मौत, शोक की लहर

Patamda : बोड़ाम थाना क्षेत्र के माधवपुर गांव में गुरुवार की दोपहर को वज्रपात की चपेट में आने से पोल्ट्री फॉर्म संचालक निर्मल दास (52) की मौत हो गई। घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। तेज बारिश के दौरान निर्मल दास अपने पोल्ट्री फॉर्म के शेड के अंदर कुर्सी पर बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज धमाके के साथ एस्बेस्टस की छत पर वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से वह अचेत होकर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जमशेदपुर ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। निर्मल दास के अनुज दीपक दास ने बताया कि वह अन्य दिनों की तरह पोल्ट्री फॉर्म में काम कर रहे थे। दोपहर में तेज बारिश शुरू होने के कारण वह शेड के अंदर कुर्सी पर बैठ गए थे। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाके के साथ बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गए।
बताया जाता है कि निर्मल दास सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते थे और पूर्व में भाजपा से जुड़े हुए थे। वह दिवंगत भाजपा नेता हाराधन दास के चचेरे भाई थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक 16 वर्षीय पुत्र और दो पुत्रियां हैं। दोनों पुत्रियों की शादी हो चुकी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में रिश्तेदार और परिचित एमजीएम अस्पताल पहुंचे तथा घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।








