बिजली संकट के खिलाफ ग्रामीणों की बाइक रैली कल, 24 घंटे आपूर्ति की मांग
Patamda : बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत पहाड़पुर पंचायत समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बनी हुई बिजली समस्या को लेकर शनिवार को सैकड़ों ग्रामीण बाइक रैली निकालकर चिरुडीह विद्युत सब-स्टेशन पहुंचेंगे और विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे। रैली की सूचना बोड़ाम थाना को भी दे दी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में रात के समय पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। औसतन 12 घंटे भी नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है, जिससे किसानों, छात्रों और आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पहाड़पुर के मुखिया अजब सिंह का कहना है कि वर्तमान में एक ही फीडर से तीन पंचायतों में बिजली आपूर्ति की जा रही है। अधिक भार के कारण बार-बार बिजली बाधित होती है और आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित रहती है। वहीं पूरे फीडर की जिम्मेदारी केवल एक लाइनमैन पर होने से खराबी आने पर मरम्मत में काफी समय लग जाता है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि तीन पंचायतों के लिए अलग फीडर की व्यवस्था की जाए, फीडर का पुनर्गठन कर भार कम किया जाए तथा अतिरिक्त लाइनमैन की नियुक्ति की जाए, ताकि बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान हो सके। साथ ही क्षेत्र में 24 घंटे गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।



