कुमीर गांव के कोचाकुल्ही में बदहाल सड़क से ग्रामीण परेशान
Patamda : पटमदा के कुमीर गांव स्थित कोचाकुल्ही तक जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। बरसात के दौरान सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाने से ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने से लेकर बच्चों के स्कूल जाने और किसानों को उपज बाजार तक ले जाने में भी दिक्कत हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण में रैयत जमीन से जुड़ा विवाद बाधा बना हुआ है। उनका कहना है कि राजस्व नक्शे में इस क्षेत्र में सरकारी सड़क दर्ज है, जबकि वर्तमान में बना रास्ता दो-तीन किसानों की रैयत जमीन से होकर गुजरता है। इस कारण ग्रामीण अपने स्तर से सड़क की मरम्मत भी नहीं करा पा रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि राजस्व नक्शे के आधार पर सरकारी सड़क को चिन्हित कर जल्द से जल्द उसका निर्माण कराया जाए, ताकि आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। गुरुवार को क्षेत्र भ्रमण के क्रम में जेएलकेएम के जिला सचिव राजेश कुंभकार ने सक्रिय कार्यकर्ता सुकुमार महतो और बीरेन प्रमाणिक के साथ गांव का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें सड़क की समस्या से अवगत कराते हुए समाधान की मांग की।
मौके पर जानकी महतो, यशोदा प्रमाणिक, मिथिला प्रमाणिक, सावित्री सिंह सरदार, राधिका महतो, बबीता दास, प्रमिला दास, सीता महतो, चंदन प्रमाणिक, मनोज प्रमाणिक, मुकेश दास, साबू महतो, अजीत प्रमाणिक, पल्टू महतो, नकुल प्रमाणिक, कार्तिक प्रमाणिक, झंटूलाल महतो, अजय महतो और तारापद प्रमाणिक समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।








