बोड़ाम में युवक की हत्या, खेत से नग्न अवस्था में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत मुकरुडीह पंचायत के कदमजोड़ा गांव में रविवार को एक युवक का नग्न अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शाम करीब छह बजे गांव के हाराधन सिंह के खेत से शव बरामद किया। आशंका जताई जा रही है कि शनिवार देर रात युवक की हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया गया। मृतक की पहचान कदमजोड़ा निवासी चीनीवास महतो (36) के रूप में हुई है। घटनास्थल से पुलिस ने मृतक के कपड़े और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना रविवार दोपहर करीब 12 बजे के बाद बोड़ाम पुलिस को मिली। इसके बाद थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जांच में मृतक के सिर और आंख के पास गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि किसी भारी या धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की गई है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
सूत्रों के अनुसार सबसे पहले खेत में धान रोपनी के लिए जा रही एक महिला की नजर शव पर पड़ी। नग्न अवस्था में शव देखकर वह घबरा गई और परिजनों तथा आसपास की महिलाओं को इसकी सूचना दी। इसके बाद पास के खेत में काम कर रही वार्ड सदस्य मीरा सिंह को जानकारी दी गई। वार्ड सदस्य के पति ने तत्काल बोड़ाम पुलिस को इसकी सूचना दी।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच करते हुए परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक स्तर पर अवैध संबंध समेत अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इधर, युवक की हत्या से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।


