बोड़ाम की जिला पार्षद गीतांजलि महतो ने किया शांतनु मोदक को सम्मानित

Patamda: मारांग गोंके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना के तहत विदेश में उच्च शिक्षा हेतु एक करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति प्राप्त कर चुके बोड़ाम प्रखंड के बंगोई गांव निवासी शांतनु मोदक को गुरुवार को उनके घर पहुंचकर स्थानीय जिला पार्षद गीतांजलि महतो ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। जबकि उनके माता-पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया एवं उन्हें भी उपहार भेंट किया। इससे पूर्व बंगोई पहुंचने पर शांतनु ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
मौके पर झामुमो नेता माणिक चंद्र महतो, विद्याधर गोराई व अन्य लोग मौजूद थे। इस संबंध में जिला पार्षद ने बताया कि शांतनु पर हमें गर्व है क्योंकि उन्होंने अपने परिवार के साथ-साथ पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि शांतनु से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित होकर पढ़ाई करने की जरूरत है। झामुमो नेता माणिक चंद्र महतो ने इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार जताते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच की बदौलत आज हमारे क्षेत्र के गरीब परिवार से जुड़े एक युवा को इतनी बड़ी मदद मिल पाई। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में शांतनु के मार्गदर्शन और प्रेरणा से क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।






























