दिघी-भूला के छात्रों ने बढ़ाया मान, बाल रंग महोत्सव में मानभूम छऊ नृत्य का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम

Patamda: पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत दिघी-भूला उत्क्रमित प्लस टू हाई स्कूल के छात्रों ने मानभूम शैली की मनमोहक छऊ नृत्य प्रस्तुत करते हुए राष्ट्रीय स्तर की बाल रंग महोत्सव प्रतियोगिता में अव्वल स्थान हासिल किया है। बाल रंग महोत्सव मध्य प्रदेश के लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा भोपाल में आयोजित एक बड़ा सांस्कृतिक और शैक्षिक कार्यक्रम है, जिसमें देशभर के स्कूली बच्चे अपनी लोक कला, संस्कृति, साहित्य और प्रतिभा (जैसे लोकगीत, नृत्य, वाद-विवाद, कविता पाठ) का प्रदर्शन करते हैं, जो स्कूल से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित होता है, और बच्चों को अपनी क्षेत्रीय परंपराओं को साझा करने का एक मंच प्रदान करता है।
इसमें दिघी-भूला उत्क्रमित प्लस टू हाई स्कूल के 15 छात्रों भक्तरंजन महतो, विकास माहली, प्रशांत कड़ा मुदी, विष्णु सहिस, समीर महतो, गौरांग सहिस, पूर्ण सहिस, जितेन कर्मकार, कर्ण महतो, विशाल गोराई, विकास महतो, सदानंद महतो, प्रशांत महतो, आलोक सहिस और सुदीप कुमार महतो ने झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए महोत्सव में भाग लिया था और शुक्रवार को मानभूम छऊ नृत्य प्रस्तुत करते हुए देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। आयोजक कमेटी की ओर से छात्रों को 1 लाख 11 हजार, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया। विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र कुमार, शिक्षक निवारण महतो व कृष्णपद हांसदा ने कहा कि यह गर्व का विषय है उनके विद्यालय के छात्रों ने क्षेत्र के साथ – साथ पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। छऊ नृत्य की टीम के साथ दो शिक्षक, स्थानीय कलाकार लक्ष्मी चरण सहिस, श्रीचरण सहिस एवं संतोष महतो भोपाल गए हैं, विद्यालय लौटने पर सभी का स्वागत और सम्मानित किया जाएगा।






























