छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सड़क पर उतरी भाजपा, बेलटांड़ व काटिन चौक किया जाम, परेशान हुए यात्री
दुकानें बंद कराईं, टाटा-पटमदा व बराभूम-बांदोवान मार्ग पर ठप रहा आवागमन
Patamda : रांची में विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदेश भाजपा के आह्वान पर मंगलवार को कमलपुर मंडल भाजपा ने काटिन चौक पर सड़क पर उतर कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सुबह सात बजे से शुरू हुआ आंदोलन करीब चार घंटे तक चला। इस दौरान बाजार की दुकानों को बंद कराया गया और टाटा-पटमदा मुख्य सड़क तथा बराभूम-बांदोवान मुख्य सड़क पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
सड़क जाम के कारण दोनों मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। खासकर लंबी दूरी की बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हुई। हालांकि, सुबह-सुबह दिहाड़ी मजदूरों को लेकर जमशेदपुर जाने वाले अधिकांश वाहन पहले ही निकल चुके थे, जिससे मजदूरों को कोई परेशानी नहीं हुई। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे कमलपुर मंडल भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन महतो ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी में अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग कर रहे छात्रों पर आंसू गैस और लाठीचार्ज कर सरकार उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों का समाधान दमन से नहीं, बल्कि संवाद के माध्यम से होना चाहिए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता काटिन चौक पर सड़क पर बैठ गए और हाथों में पार्टी के झंडे लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो, किसान मोर्चा के जिला प्रभारी सदानंद महतो, जिला महामंत्री मुचीराम बाउरी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष संदीप कुमार मिश्रा, कृपासिंधु महतो, बोड़ाम मंडल अध्यक्ष सनातन दास, पूर्व अध्यक्ष शांतनु मुखर्जी, मुरारी मोहन पाल, संजय प्रमाणिक, रमानाथ कैवर्त और परीक्षित महतो समेत काफी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस प्रशासन मौजूद रही। करीब 11 बजे कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार और अवर निरीक्षक पुरुषोत्तम कुमार राय ने आंदोलनकारियों से बातचीत कर जाम समाप्त कराया जिससे यातायात सामान्य हो सका।
दूसरी ओर पटमदा मंडल अध्यक्ष कृष्णपद सिंह के नेतृत्व में बेलटांड़ चौक पर उतरे भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना पाकर पहुंचे पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए जाम समाप्त कराया जिससे यातायात सामान्य हो गया। मौके पर महामंत्री विमल मंडल, पूर्व मंडल अध्यक्ष बासुदेव मंडल, सांसद प्रतिनिधि महावीर महतो, शरत सिंह सरदार, प्रबोध मंडल, प्रदीप कुमार महतो, सदानंद महतो, मुचीराम बाउरी, शांतनु मुखर्जी, सनातन दास, नित्यरंजन मंडल एवं पद्मलोचन महतो आदि मौजूद थे।



