एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, आसनबनी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस
Jamshedpur: एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, आसनबनी में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सहभागिता से भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं उनके महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन समारोह से हुआ। इसके पश्चात संस्थान की निदेशक महोदया ने प्रेरणादायी संबोधन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका तथा उनके मार्गदर्शन के महत्व पर प्रकाश डाला। समारोह के दौरान केक काटकर शिक्षक दिवस की खुशियां मनाई गईं। विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य, भाषण एवं आकर्षक नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं रैंप वॉक रहा, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान संस्थान परिसर में उत्साह, उमंग एवं खुशी का माहौल बना रहा। इस अवसर पर संस्थान की शिक्षिकाओं श्राबणी महतो, नंदिता महतो, रिया महतो, जॉयश्री महतो, मनीषा नाड, अंजलि आज़ाद एवं प्रीति मंडल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह के अंत में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस आयोजन ने शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ आपसी सम्मान, सहयोग एवं सौहार्द की भावना को बढ़ावा दिया। एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, आसनबनी परिवार की ओर से सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।



