जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पटमदा डिग्री कॉलेज की छऊ नृत्य टीम को पहला स्थान

Patamda: शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से सिदगोड़ा टाउन हॉल में युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कई संस्थानों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। पटमदा डिग्री कॉलेज जाल्ला के विद्यार्थियों ने छऊ नृत्य और सिंगिंग प्रतियोगिता में भाग लिया । छऊ नृत्य में पटमदा डिग्री कॉलेज के प्रतिभागी सुनामी सोरेन, कुनामी मांडी, संध्यामनी मांडी, डाकमनी मुर्मू व शेफाली सोरेन आदि प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सिंगिंग प्रतियोगिता में भी पटमदा डिग्री कॉलेज को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इसका आयोजन उपायुक्त के निर्देश पर जिला खेल पदाधिकारी के द्वारा किया गया था
।
पटमदा डिग्री कॉलेज की छात्राओं के टीम लीडर के रूप में राष्ट्रीय सेवा योजना के पदाधिकारी सह मनोविज्ञान विभाग के व्याख्याता डॉक्टर कमल कुमार महतो उपस्थित रहे और प्रतिभागियों को निर्देशित किया। इस पुरस्कार से कॉलेज परिवार गर्व का अनुभव कर रहा है। कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य कृष्णपद महतो एवं सचिव चन्द्रशेखर टुडू ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इससे पूर्व प्रतिभागियों को सुबह 9 बजे बेलटांड़ चौक परिसर से सचिव चन्द्रशेखर टुडू, प्रभारी प्राचार्य कृष्णपद महतो एवं समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।





