पटमदा में चोरों का आतंक, एक ही रात पांच घरों से छह बकरियां चोरी
दरवाजों की कुंडियां बाहर से बंद कर दिया वारदात को अंजाम, ग्रामीणों में आक्रोश
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्य सड़क के किनारे स्थित बिड़रा और माचा गांव में शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने जमकर आतंक मचाया। चोरों ने एक के बाद एक पांच घरों को निशाना बनाते हुए छह बकरे-बकरियों की चोरी कर ली। शातिर चोरों ने वारदात के दौरान आसपास के घरों के दरवाजों की कुंडियां बाहर से बंद कर दीं, ताकि घर के लोग बाहर निकलकर विरोध न कर सकें। उप मुखिया गोपाल गोराई के अनुसार, घटना रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच की है। चोरों ने डांगा निवासी बिरिंची महतो के घर से दो बकरे और एक बकरी, बिड़रा निवासी पोटू गोराई के घर से एक बकरा और एक बकरी तथा माचा निवासी सुधीर गोप के घर से एक बकरा चोरी कर लिया। इसके अलावा चोरों ने बिड़रा निवासी सलावत महतो और स्वपन गोराई के घरों को भी निशाना बनाया। दोनों घरों की दरवाजे की कुंडी काटकर बाहर से बंद कर दी गई थी। हालांकि, घर के सदस्यों के शोर मचाने पर चोरों को भागना पड़ा और यहां चोरी की कोशिश नाकाम हो गई। बताया जाता है कि जिन घरों में बकरे-बकरियां रखे गए थे, वहां चोरों ने कटर से कुंडी काटकर पशुओं को बाहर निकाला और अपने साथ ले गए।
शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पटमदा थाना प्रभारी को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस देर रात मुख्य सड़क से गुजरने वाले वाहनों की जानकारी भी जुटा रही है। ग्रामीणों को आशंका है कि चोर किसी कार या पिकअप वैन से पहुंचे थे और चोरी के बाद उसी वाहन से बकरे-बकरियों को लेकर फरार हो गए। एक ही रात पांच घरों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से जल्द मामले का खुलासा कर चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।












