बीएसएनएल कप पर माचा क्रिकेट टीम ने जमाया कब्जा, फाइनल में बामनी को बुरी तरह हराया

Patamda: पटमदा प्रखंड के आदर्श ग्राम बांगुड़दा में आयोजित तीन दिवसीय बीएसएनएल कप 2025 का समापन रविवार को हो गया। पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार एवं विशिष्ट अतिथियों में मुखिया प्रतिनिधि अश्विनी सिंह व अपरिश गुप्ता मौजूद थे। 16 टीमों के बीच आयोजित प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जय मां काली, बामनी और माचा क्रिकेट टीम के बीच खेला गया।

बामनी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। माचा क्रिकेट टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 7 विकेट खोकर 106 रन बनाई। माचा की ओर से मानस ने सर्वाधिक 26 और पिंटू ने 25 रन बनाए। गेंदबाजी में बामनी के धर्मेंद्र ने 3, मंगल और सौमिक ने 1-1 विकेट लिए। वहीं माचा की शानदार गेंदबाजी के सामने बामनी की टीम 9 ओवर में 69 रन बनाकर धराशाई हो गई। बामनी के बल्लेबाज राकेश ने 18 और धर्मेंद्र ने 10 रन बनाए। गेंदबाजी में माचा के तापस ने 5 और पियूष ने 2 विकेट लिए। इस तरह फाइनल मुकाबले में माचा ने बामनी को 37 रन से पराजित किया एवं बीएसएनएल कप पर कब्जा जमाया। विजेता माचा को 18 हजार व ट्रॉफी, उपविजेता बामनी को 14 हजार और ट्रॉफी जबकि सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली टीमें बीएसएनएल बांगुड़दा और गेंगाड़ा को 7- 7 हजार की नकद राशि और एक- एक ट्रॉफी देकर अतिथियों के हाथों पुरस्कृत किया गया। फाइनल मैच का मैन ऑफ द मैच तापस दत्ता और मैन ऑफ द सीरीज माचा के पिंटू माझी को चुना गया। आयोजन को सफल बनाने में इंद्रजीत दत्ता, दीपक गोराई, दिलीप सिंह, सुमित सिंह, रवि सिंह, उत्तम महतो, साधुचरण गोराई, श्याम तंतुबाई, भक्तरंजन गोराई, मृणाल गोराई, राकेश महतो, अमित सिंह, गोप, शुभेंदु कर्मकार, मनोज कर्मकार व सुजीत गोराई आदि का अहम योगदान रहा।







