बांसतोला व लच्छीपुर में टुसू मेला आयोजित, विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू हुए शामिल

दिघी, मुकरूडीह व हाथियाडीह में भी टुसू मेला में उमड़े लोग
Patamda : पटमदा प्रखंड की लावा पंचायत अंतर्गत बांसतोला गांव में एसकेएमसी के तत्वावधान में शनिवार को एक दिवसीय टुसू मेला सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू एवं विशिष्ट अतिथियों में झामुमो नेता सुभाष कर्मकार शामिल हुए। यहां आयोजन का बजट करीब 80 हजार है और इसके लिए प्रत्येक परिवार 500 रुपए की दर से अंशदान किया। यहां कुल 132 परिवार हैं जिनमें 100 से अधिक संथाल समुदाय के परिवार हैं जबकि कुछ सबर (आदिम जनजाति) एवं तांती समुदाय के लोग शामिल हैं।
इस संबंध में किसान खेरवाल हांसदा ने बताया कि गांव के अधिकांश परिवार के लोग कृषि कार्य से ही अपनी आजीविका चलाते हैं और साल में एक बार मनोरंजन के लिए मेला का आयोजन करते हैं। इसमें कुछ सरकारी नौकरी वाले परिवार भी हैं जो स्वेच्छा से अधिक अंशदान करते हैं। ऐसी बात नहीं है कि यहां के लोग शिक्षा में पीछे हैं बल्कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव के बावजूद साक्षरता दर अन्य आदिवासी बहुल गांवों की तुलना में अधिक है। यहां के कई युवा विभिन्न सेवा क्षेत्रों में नौकरी कर रहे हैं जिसमें दो इंजीनियर, कई शिक्षक एवं पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। मेले में टुसू व चौड़ल लेकर पहुंची महिलाओं को कमेटी की ओर से पुरस्कृत किया गया। जबकि बांग्ला झुमुर (धनबाद की ऊषा रानी मिर्धा) एवं संथाली ऑर्केस्ट्रा (अंचार डांस ग्रुप सरायकेला) टीम के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया जिसमें हजारों की संख्या में महिला – पुरुष शामिल हुए। दूसरी ओर पटमदा प्रखंड के लच्छीपुर हाट मैदान में आयोजित टुसू मेला में भी विधायक प्रतिनिधि ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इसके अलावा पटमदा के मुकरूडीह व दिघी तथा बोड़ाम प्रखंड के हाथियाडीह गांव में टुसू मेला सह सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन ग्रामीणों द्वारा किया गया। जिला पार्षद प्रदीप बेसरा ने भी कई मेले में बतौर अतिथि शिरकत की एवं लोगों को टुसू पर्व की बधाई दी।





