बोड़ाम में पति-पत्नी के बीच खूनी संघर्ष, पत्नी की मौत, पति घायल
Patamda : बोड़ाम थाना क्षेत्र की बेलडीह पंचायत अंतर्गत गोबरलाद गांव में सोमवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शादी समारोह से लौट रहे दंपती के बीच शराब के नशे में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। बताया जाता है कि दोनों ने नशे की हालत में लाठियों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान पत्नी हीरामणि मुर्मू (43 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं और देर रात घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं पति सुधीर मुर्मू भी इस घटना में बुरी तरह जख्मी हो गया।
घटना के बाद आरोपी पति ने मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे चौकीदार के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ शाम करीब साढ़े चार बजे मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। इधर, गंभीर रूप से घायल सुधीर मुर्मू को हिरासत में लेकर इलाज के लिए पटमदा के माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिजनों और गांव के लोगों ने आपसी पंचायत के जरिए मामले को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू पर बारीकी से पड़ताल कर रही है।


