टैलेंट सर्च एकेडमी की परीक्षा व सम्मान समारोह 5 को
Patamda: प्रतिभाओं को पहचान देने और उन्हें आगे बढ़ाने के उद्देश्य से टैलेंट सर्च एकेडमी द्वारा 5 अप्रैल (रविवार) को प्राथमिक विद्यालय मोहनपुर, बोड़ाम में मेधा खोज प्रतियोगिता परीक्षा सह प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा सुबह 08:30 बजे से प्रारंभ होगी। इस प्रतियोगिता में पटमदा और बोड़ाम प्रखंड के सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के कक्षा 5वीं में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं।
परीक्षा में चयनित 100 मेधावी विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल और नेतरहाट विद्यालय की प्रवेश परीक्षा-2027 की तैयारी अनुभवी शिक्षकों द्वारा निःशुल्क कराई जाएगी। इसके अलावा मेधा परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम 10 विद्यार्थियों को संस्था की ओर से पुरस्कृत भी किया जाएगा। एकेडमी के अध्यक्ष हाराधन महतो ने बताया कि नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा-2026 में सफल रहे 14 विद्यार्थियों—ईशा महतो, अंजली रजवार, शुभजीत कुंभकार, सुपर हेंब्रम, उमा रानी महतो, अनन्या महतो, शारदा महतो, अंजली महतो, सुमन महतो, कुणाल महतो, विभश्री महतो, ओम महतो, पूनम महतो और शिखा सहिस—को भी इस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद विद्युतवरण महतो उपस्थित रहेंगे। गौरतलब है कि पिछले एक दशक में इस एकेडमी के माध्यम से पटमदा और बोड़ाम क्षेत्र से 80 से अधिक विद्यार्थियों का चयन नवोदय विद्यालय में हुआ है, जो वर्तमान में कक्षा 12वीं तक निःशुल्क आवासीय एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
विद्यार्थियों को निःशुल्क तैयारी कराने में शिक्षक उदय गोप, उमेश माण्डी, उत्तम गोप और बृंदावन महतो का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यह आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।






























