Patamda : घाटशिला के बुरूडीह क्षेत्र में लगातार विचरण कर रहे लगभग 35 हाथियों (बच्चों सहित) के झुंड को वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार को आमदापहाड़ी-बटालुका जंगल तक सुरक्षित पहुंचा दिया। अब इस झुंड को दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी में प्रवेश कराने की प्रक्रिया जारी है।
Advertisements
वनरक्षी सीमंत सरदार और बालक हांसदा ने बताया कि दलमा क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) के दो दर्जन सदस्य, इको विकास समिति और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से लगातार निगरानी और प्रयास कर रहे हैं, ताकि हाथियों को सुरक्षित रूप से सेंचुरी क्षेत्र में पहुंचाया जा सके। टीम के कैप्टन देवाशीष कर्मकार और भुजुराम सोरेन ने बताया कि रात के समय हाथियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए टीम को टॉर्च, मशाल और पटाखों की व्यवस्था दी गई है। उन्होंने जानकारी दी कि यह झुंड घाटशिला के बुरूडीह से सुखलाड़ा और डालापानी होते हुए बटालुका तक लाया गया है। वन विभाग की टीम लगातार सतर्कता के साथ प्रयासरत है, ताकि हाथियों का झुंड बिना किसी नुकसान के दलमा अभयारण्य में सुरक्षित प्रवेश कर सके।