पटमदा डिग्री कॉलेज में भीषण गर्मी के बीच 82 यूनिट रक्त संग्रह, रक्तदाताओं को हेलमेट देकर किया गया सम्मानित
Patamda: पटमदा डिग्री कॉलेज, जाल्ला में शनिवार को आयोजित रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। एमजीएम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 82 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। शिविर में प्रशासनिक एवं सामाजिक क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने भाग लेकर स्वयं रक्तदान किया और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि सह कॉलेज सचिव चंद्रशेखर टुडू ने कहा कि “रक्तदान महादान है”, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान साबित होता है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इस शिविर को सड़क सुरक्षा जागरूकता से भी जोड़ा गया है। हेलमेट वितरण का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।
अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए हेलमेट का उपयोग अत्यंत आवश्यक है। शिविर में कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य कृष्णपद महतो ने कहा कि इस तरह के सामाजिक कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रहेंगे, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके और समाज में सेवा भाव को बढ़ावा मिले।
पटमदा थाना प्रभारी विष्णुचरण भोगता, सुमंत कुमार सेन, प्रो. विश्वनाथ महतो, सुभाष कर्मकार, विश्वनाथ महतो, अश्विनी महतो, अभिराम महतो, डॉ. गौतम गोराई, शाश्वती महतो, माधुरी, साहला बानू, चंद्रशेखर महतो, बी. विनायक, डॉ. कमल कुमार महतो, डॉ. शालिग्राम मिश्रा, श्रीकांत मांझी, विश्वजीत महतो, कृतिवास महतो, टूम्पा महतो, संगीता महतो, सुभद्रा महतो, धारित्रि मुर्मू, चित्तरंजन महतो, मथुर प्रसाद महतो आदि उपस्थित रहे।






























