धानचटानी गुरुकुल के 24 युवाओं को मिली नौकरी, 9 का दुबई के लिए चयन

Jamshedpur: झारखंड सरकार के सहयोग से प्रेझा फाउंडेशन द्वारा संचालित जमशेदपुर प्रखंड के धानचटानी स्थित गुरुकुल से 24 युवाओं को रोजगार मिला है। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिले के इन युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इनमें से 9 युवाओं का चयन दुबई की शोभा कंस्ट्रक्शन कंपनी में पाइप फीटर ट्रेड के लिए हुआ है। उन्हें दो साल के अनुबंध पर 30 से 40 हजार रुपये मासिक वेतन के साथ पीएफ, ईएसआई और रहने-खाने की सुविधाएं मिलेंगी। कंपनी की ओर से वीजा की व्यवस्था भी की गई है। वहीं, चेन्नई की मोदिन थर्मल सिस्टम कंपनी ने 15 युवाओं का चयन किया है। इन युवाओं को 24 हजार रुपये मासिक वेतन के साथ पीएफ, ईएसआई और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
गुरुकुल के प्राचार्य एमके शर्मा ने बताया कि चयनित युवाओं ने वेल्डर ट्रेड में 60 दिनों तथा विदेश जाने वाले युवाओं ने 90 दिनों का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। कार्यक्रम में जिला पार्षद प्रतिनिधि पिंटू दत्ता, उप मुखिया शर्मिला महतो, सुधीर महतो, काजल दत्त, बुद्धेश्वर कुंडू और सनातन महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



